अंसार अल-डाइन (एएडी) का गठन 2011 के उत्तरार्ध में हुआ। मार्च 2012 के हमले के बाद, जिसमें माली की सरकार को सत्ताच्युत कर दिया गया था, एएडी उन संगठनों में शामिल था, जिसने उत्तरी माली क्षेत्र पर अधिकार कर लिया था, यूनेस्को के वैश्विक धरोहर स्थलों को नष्ट कर दिया था और अपने कब्जे वाले क्षेत्र पर कड़े शरिया कानून लागू कर दिए थे। 2017 में एएडी अल-कायदा के साथ एक नए गठबंधन जमात नस्र अल-इस्लाम वाल मुस्लिमिन (जेएनआईएम) में शामिल हो गया, जिसका नेतृत्व एएडी के नेता इयाद अग-घाली कर रहे थे।
22 मार्च 2013 को अमेरिकी राज्य विभाग ने एएडी को संशोधित प्रवास और राष्ट्रीयता अधिनियम के अनुच्छेद 219 के तहत विदेशी आतंकवादी संगठन करार दिया। इसके पहले, 21 मार्च 2013 को संशोधित कार्यकारी आदेश 13224 के अनुसार एएडी को विशेष रूप से वैश्विक आतंकवादी संगठन करार दिया था। इस नामांकन के परिणामस्वरूप, अन्य परिणामों के साथ, एएडी की सारी संपत्ति और संपत्ति से संबंधित हितों जो अमेरिकी न्यायाधिकार में आते हैं उन्हें अवरोधित कर दिया गया है, और अमेरिकी लोगों को सामान्य रूप से एएडी के साथ किसी भी प्रकार के लेन—देन में शामिल होने से निषिद्ध किया गया है । इसके अलावा, एएडी को जानबूझकर सामग्री सहायता या संसाधन प्रदान करना, या प्रदान करने का प्रयास करना या साजिश करना एक अपराध है।
